एक्सप्रेस टाइम नेटवर्क, नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना ने एक साहसिक और सटीक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के ऑपरेशनल चीफ और 1999 के IC-814 विमान अपहरण के मास्टरमाइंड अब्दुल रऊफ अज़हर को मार गिराया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम के इस अभियान में वायुसेना ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें जैश का बहावलपुर स्थित मुख्यालय “सुभान अल्लाह” भी शामिल था। इसी ठिकाने पर रऊफ अज़हर मौजूद था।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस ऑपरेशन में रऊफ अज़हर के साथ मसूद अज़हर के दस अन्य परिजन और चार करीबी सहयोगी भी मारे गए हैं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए उस कायराना आतंकी हमले के जवाब में की गई, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी।
भारत के लिए मोस्ट वांटेड आतंकियों में से एक रऊफ अज़हर पुलवामा से लेकर संसद हमले तक की साजिशों में शामिल रहा था। वह जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मसूद अज़हर का छोटा भाई था और संगठन के सभी आतंकी गतिविधियों का संचालन करता था। अमेरिका ने उसे 2010 में ही वैश्विक आतंकवादी घोषित कर दिया था। रऊफ का नाम 2001 के संसद हमले, 2002 में पत्रकार डेनियल पर्ल की हत्या, 2008 के मुंबई हमले, 2016 के पठानकोट हमले और 2019 के पुलवामा हमले जैसे कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़ा हुआ है।
भारतीय वायुसेना की इस निर्णायक कार्रवाई ने सीमा पार बैठे आतंकवादियों और उनके संरक्षकों को एक स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा और नागरिकों की जानमाल की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
#ऑपरेशनसिंदूर #भारतीयवायुसेना #Pakistan #JaisheMohammed #AbdulRaufAzhar #Terrorism #IndiaStrikesBack #एक्सप्रेसटाइम

















