पटना, दिनांक – 17-08-20225
भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ पटना हाई कोर्ट इकाई की कार्यसमिति बैठक आज पटना स्थित ठाकुर प्रसाद सभागार में संपन्न हुई । इस महत्वपूर्ण बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही । बैठक का संचालन प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशानुसार किया गया और इसमें संगठनात्मक मजबूती, विधिक सहायता के विस्तार तथा न्यायिक गतिविधियों में वकीलों की सक्रिय भागीदारी पर विस्तृत चर्चा की गई ।
बैठक के उद्घाटनकर्ता बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री आदरणीय जीवेश मिश्रा रहे । बैठक का शुभारंभ जीवेश मिश्रा एवं प्रदेश संयोजक विंध्याचल राय ने दीप प्रज्वलन करके किया । स्वागत भाषण पटना हाई कोर्ट इकाई के संयोजक सुनील कुमार कर्ण द्वारा दिया गया, वहीं मंच का संचालन पटना हाई कोर्ट इकाई के सह-संयोजक डॉ. मंटू कुमार ने किया ।
बैठक में प्रदेश के पटना जिला के सभी विद्वान अधिवक्ता उपस्थित रहे । विशेष रूप से सह-संयोजक मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार राम, सत्येंद्र झा, रविंद्र राय एवं कुमारी पूनम सिंह, साथ ही पटना हाई कोर्ट इकाई के सह-संयोजक उदयभान सिंह, कुमार समरजीत, रंजन श्रीवास्तव एवं पटना महानगर संयोजक कुमुद रंजन सहित सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे ।
मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री जीवेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि “भारतीय जनता पार्टी का विधि प्रकोष्ठ न केवल पार्टी का बौद्धिक स्तंभ है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों को न्याय दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है । हमें न्यायालयों में मजबूती से खड़ा होकर समाजहित में कार्य करना है ।”
बैठक में भाजपा विधि प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक श्री विंध्याचल राय ने संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रकोष्ठ की सभी इकाइयों में नियमित बैठकें एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि “आज का युग विधि जागरूकता का है । हमारी जिम्मेदारी है कि आम जनमानस को कानूनी मदद के साथ-साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें ।”
विशेष चर्चा : चुनावी तैयारी एवं अधिवक्ताओं की भूमिका
बैठक में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई । वक्ताओं ने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और Special Intensive Revision (विशेष पुनरीक्षण अभियान) में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें ।
इस दौरान अधिवक्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि सभी योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़े हों और कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए ।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि बिहार विधानसभा 2025 के चुनाव में पार्टी को जीत सुनिश्चित करवाने हेतु अधिवक्ताओं की भूमिका, आचार संहिता सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विमर्श किया जाए ।
नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है कि संगठन के सभी अंग मिलकर जनता के बीच जाएँ और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुँचाएँ । इस क्रम में अधिवक्ताओं से विशेष अपेक्षा की गई कि वे न केवल विधिक सहायता प्रदान करें बल्कि मतदाता जागरूकता अभियान में भी सक्रिय सहयोग करें ।
बैठक में यह संकल्प भी लिया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी । इसके लिए विस्तृत रणनीति एवं अधिवक्ताओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया ।
बैठक में प्रमुख निर्णय लिए गए :
पटना सहित बिहार के अन्य जिलों में भी प्रकोष्ठ की बैठकों और कार्यशालाओं का आयोजन कर अधिवक्ताओं का अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया एवं अधिवक्ताओं को विशेष पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision) और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में जिम्मेदारी सौंपी गई ।
कार्यकर्ताओं की भागीदारी
सैकड़ों अधिवक्ता कार्यकर्ताओं ने इस कार्यसमिति बैठक में भाग लिया । सभी ने भाजपा विधि प्रकोष्ठ की नीतियों और कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता जताई । बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन पटना हाई कोर्ट इकाई के पदाधिकारियों द्वारा किया गया ।

















