दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगी और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के नामांकन पत्र दाखिल करते समय मौजूद रहेंगी।
सुनील कुमार बिहारशरीफ से आज भरेंगे पर्चा
Bihar Chunav 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगी और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के नामांकन पत्र दाखिल करते समय मौजूद रहेंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विजय सिन्हा लखीसराय से दायर करेंगे नामांकन, दिल्ली की सीएम रहेंगी मौजूद
रेखा गुप्ता भाजपा शासित 14 राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री है। दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार वह बुधवार को लखीसराय पहुंचकर सिन्हा के नामांकन दाखिल करते समय उनके साथ रहेंगी और केआरके मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगी।
सुनील कुमार बिहारशरीफ से आज भरेंगे पर्चा
दूसरी ओर, बिहार शरीफ सीट से भाजपा प्रत्याशी और राज्य के वरिष्ठ नेता डॉ. सुनील कुमार भी आज नामांकन दाखिल करेंगे। सुनील कुमार के समर्थन में भी रेखा गुप्ता जनसभा को संबोधित करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री गुप्ता उसी दिन दिल्ली लौट आएंगी।
छह दिनों तक बिहार में प्रचार करेंगी रेखा गुप्ता
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि इस साल फरवरी में दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं गुप्ता की बिहार चुनाव में प्रचार के लिए भारी मांग है। उन्होंने बताया कि वह बिहार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के दोनों चरण में कम से कम छह दिन तक प्रचार करेंगी। पार्टी के एक नेता ने कहा, “बिहार चुनाव का नतीजा काफी हद तक महिलाओं के मतदान पर निर्भर करेगा। गुप्ता, भाजपा शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ एक अच्छी वक्ता भी हैं जो सीधी बातचीत के ज़रिए लोगों से जुड़ती हैं।” बिहार विधानसभा चुनाव 6 और 11 नवंबर को दो चरण में होंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

















